ग्रेटर नोएडा, संवाददाता। ग्रेटर नोएडा के सेक्टर पाई-वन स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की शाखा में करोड़ों रुपये के गबन का आरोप लगा है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए जमीन देने वाले किसानों का दावा है कि उनके खातों से बिना अनुमति रकम निकाल ली गई। कुछ ने एफडी तोड़कर रकम निकालने का भी आरोप लगाया है।
मंगलवार को 20 से अधिक खाता धारकों ने पुलिस को शिकायत दी। बैंक मुख्यालय की टीम ने जांच शुरू कर दी है। शाखा के सभी स्टाफ बदल दिए गए हैं। इस शाखा में ऐच्छर, बिरौंडी, बिरौंडा और क्यामपुर समेत आसपास के गांवों के सैकड़ों लोगों के खाते हैं। खाता धारकों ने दावा किया है कि गायब रकम 50 से 60 करोड़ रुपये से अधिक हो सकती है। बैंक के बड़े अधिकारियों ने इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। किसानों ने बुधवार को बैंक शाखा के बाहर प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। डीसीपी श्रवण कुमार ने कहा, जांच की जा रही है। पीएनबी ने पांच कर्मी निलंबित किए हैं।